झालावाड़ में फसल का भुगतान न मिलने से नाराज किसानों ने सोमवार से उपखंड कार्यालय के सामने बेमियादी धरना शुरू कर दिया है। भारतीय किसान संघ के बैनर तले यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक किसानों को उनकी उपज का बकाया पैसा नहीं मिल जाता। किसानों ने बताया कि 28 सितंबर को जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ को भी ज्ञापन दिया गया था। तब कलेक्टर ने दो दिन में भुगतान का भरोसा दिया था, लेकिन समय बीतने के बाद भी पैसा नहीं मिला। धरना शुरू करने से पहले किसानों ने उपखंड अधिकारी से बात की, लेकिन कोई सहमति नहीं बन पाई। किसानों ने अपनी आर्थिक परेशानी बताते हुए जल्द भुगतान की मांग की। धरने में भारतीय किसान संघ के तहसील अध्यक्ष शंकरलाल सहित जिला विधि प्रमुख मनीष श्रृंगी, जिला उपाध्यक्ष कृष्णमुरारी शर्मा और कई किसान मौजूद रहे। किसानों ने लंबित भुगतान दिलाने की मांग की है।