झालावाड़ की हंसनंदिनी व्यास ने 70वीं स्कूल गेम्स स्टेट कराटे चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता। राघव मालव को कांस्य पदक मिला। यह प्रतियोगिता 1 से 7 अक्टूबर तक श्रीगंगानगर के सादुलशहर में हो रही है। हंसनंदिनी ने 17 वर्ष बालिका वर्ग के 68 किलोग्राम भार वर्ग में इंडिविजुअल कराटे में स्वर्ण जीता। यह उनका दूसरा स्टेट स्वर्ण है। इस जीत से उन्होंने राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में भी जगह पक्की कर ली है। राघव मालव ने 17 वर्ष बालक वर्ग के 50 किलोग्राम भार वर्ग में इंडिविजुअल कराटै में कांस्य पदक जीता। यह उनका राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में तीसरा पदक है। कराटे कोच अनीता मालव ने खिलाड़ियों की मेहनत सराही। दोनों खिलाड़ी वॉरियर्स मार्शल आर्ट अकादमी, आनंद विहार, झालावाड़ में अभ्यास करते हैं और रूपनगर पब्लिक स्कूल में पढ़ते हैं। कोच अनीता मालव के अनुसार झालावाड़ के कुछ मुकाबले बाकी हैं, जिससे और पदक आने की उम्मीद है। खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई दी।