झालावाड़ के हिम्मतगढ़ स्थित श्रीराम मंदिर में रविवार को 12 रामायण पाठ पूरे होने पर धार्मिक आयोजन हुआ। मानस पारायण समिति ने पूर्णाहुति कार्यक्रम कराया। इसमें हजारों समाजबंधुओं ने हिस्सा लिया। इस मौके पर विशाल कलश यात्रा निकाली गई। इसमें हिम्मतगढ़ और मंदिर से जुड़े 36 गांवों के लोग शामिल हुए। राजस्थान और मध्यप्रदेश के कई जिलों से भी समाजबंधु पहुंचे। कलश यात्रा श्रीराम मंदिर से शुरू होकर गांव के मुख्य मार्गों से गुजरी। महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर भक्ति भाव से हिस्सा लिया और पारंपरिक नृत्य भी किए। पूरे गांव में राम नाम के जयघोष गूंज उठे। यात्रा के बाद श्रीराम मंदिर परिसर में सामूहिक भोजन और भंडारे का आयोजन हुआ। हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। इस आयोजन से समाज में एकता और भाईचारे का संदेश भी दिखा।