झालावाड़ शहर में गणेश उत्सव के तहत जनकपुरी सोसायटी में छप्पन भोग का आयोजन किया गया। इस दौरान भगवान श्री गणेश की विशेष पूजा-अर्चना की गई। भोग के दर्शन के लिए सोसायटी के परिवारजनों और बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। छप्पन भोग में मिठाइयों, फलों, नमकीन और पारंपरिक व्यंजनों सहित कई तरह के पकवान शामिल थे। इन सभी पकवानों को आकर्षक ढंग से सजाकर भगवान को अर्पित किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान श्री गणेश के जयकारे लगाए और पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। सोसाइटी के महिला-पुरुषों और बच्चों ने भी इस आयोजन में हिस्सा लिया। धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता, आपसी प्रेम का संदेश आयोजकों ने बताया कि जनकपुरी सोसायटी में गणेश उत्सव का आयोजन धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और आपसी प्रेम को बढ़ावा देने के लिए किया जा रहा है। उत्सव के दौरान कई धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हो रहे हैं, जिनमें सोसाइटी के लोग उत्साह से भाग ले रहे हैं। शहर में गढ़ परिसर, बस स्टैंड, मोटर गैराज, मंगलपुरा और पंचमुखी बालाजी रोड समेत कई इलाकों में भी गणेश उत्सव के तहत विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कई जगह गणेश जी की पूजा हो रही है, तो कई जगह झांकियां बनाई जा रही हैं। कार्यक्रम के आखिर में भगवान श्री गणेश की आरती की गई। आरती में कई श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। इसके बाद सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद बांटा गया।