श्रीगंगानगर के सादुलशहर में 1 से 7 अक्टूबर तक आयोजित 70वीं स्कूल गेम्स स्टेट कराटे चैंपियनशिप में झालावाड़ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए छह पदक जीते। जिले के खिलाड़ियों ने दो गोल्ड, दो सिल्वर और दो ब्रॉन्ज पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता में 1200 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। हंसनंदिनी और जयंत ने जीता गोल्ड 17 वर्ष बालिका वर्ग के 68 किलोग्राम भार वर्ग में हंसनंदिनी व्यास ने गोल्ड पदक जीता। वहीं 19 वर्ष बालक वर्ग के -82 किलोग्राम भार वर्ग में जयंत सोनी ने भी गोल्ड पदक अपने नाम किया। द्रविका और समर ने जीते सिल्वर 19 वर्ष बालिका वर्ग के 60 किलोग्राम भार वर्ग में द्रविका तिलकर ने सिल्वर पदक हासिल किया। इसी तरह 17 वर्ष बालक वर्ग के 35 किलोग्राम भार वर्ग में समर पोरवाल ने सिल्वर पदक जीता। राघव और मोहित के खाते में ब्रॉन्ज 17 वर्ष बालक वर्ग में राघव मालव ने 50 किलोग्राम भार वर्ग और मोहित सिंह ने +82 किलोग्राम भार वर्ग में ब्रॉन्ज पदक जीता। चार खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय चैंपियनशिप में बनाई जगह कोच अनीता मालव ने बताया कि हंसनंदिनी व्यास, जयंत सोनी, द्रविका तिलकर और समर पोरवाल ने अपने प्रदर्शन के दम पर राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप के लिए जगह बनाई है। ढोल-नगाड़ों के साथ रेलवे स्टेशन पर हुआ स्वागत स्टेट चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर झालावाड़ लौटे खिलाड़ियों का रेलवे स्टेशन पर ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया गया। शिक्षा विभाग माध्यमिक झालावाड़ के पदाधिकारियों, परिजनों, खेलप्रेमियों और शुभचिंतकों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। पदक विजेता खिलाड़ियों को फूलमालाएं पहनाई गईं और मिठाई खिलाकर उनकी उपलब्धि की खुशी मनाई गई। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक नरेंद्र गहलोत, शिव धाकड़ सहायक निदेशक समसा झालावाड़, पवन पाटीदार एडीईओ, वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक जयपाल यादव, करतार सिंह, कराटे कोच अनीता मालव, कुलवीर तंवर, रोहित यादव और भरत नागर सहित खेलप्रेमी, प्रशिक्षक, परिजन और जिले के अन्य खिलाड़ी मौजूद रहे। सभी ने पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।