झालावाड़ जिले की खानपुर कृषि उपज मंडी समिति में हम्मालों ने मजदूरी दर बढ़ाने सहित अपनी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल शुरू कर दी है। इससे मंडी का कामकाज ठप हो गया है। हम्मालों ने गुरुवार को मंडी परिसर में धरना देकर अपनी मांगों के समाधान की मांग की। उनकी प्रमुख मांगों में मजदूरी दर में बढ़ोतरी, किसान कलेवा योजना शुरू करना, नए लाइसेंस जारी करना और मंडी परिसर में मीठे पानी की व्यवस्था करना शामिल है। हम्मालों का कहना है कि लंबे समय से उनकी समस्याएं बनी हुई हैं, जिन पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। मजदूरी नहीं बढ़ने से बढ़ती महंगाई में परिवार चलाना मुश्किल हो रहा है। शोभाराम गुर्जर के नेतृत्व में चल रहे धरने में हम्मालों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती, हड़ताल जारी रहेगी। उन्होंने मंडी प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की है।