झालावाड़ शहर में रविवार को अग्रवाल समाज ने महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव मनाया। इस मौके पर शहर में एक शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें समाज के लोगों ने उत्साह से हिस्सा लिया। शोभायात्रा में 18 गोत्रों के युवक घोड़ों पर सवार होकर हाथों में ध्वज लिए चल रहे थे। महाराजा अग्रसेन और महालक्ष्मी की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। महिलाओं ने अपने हाथों से रथ खींचकर आयोजन में भागीदारी की। महोत्सव की शुरुआत सुबह 9 बजे अग्रवाल सेवा सदन में महाराजा अग्रसेन के अभिषेक, हवन और पूजा-अर्चना से हुई। शाम 5 बजे शोभायात्रा मंगलपुरा, एसबीआई रोड और सीमेंट रोड सहित प्रमुख मार्गों से होकर निकली। जयंती महोत्सव के दौरान महिलाओं, युवतियों, बच्चों और पुरुषों के लिए कई सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रतियोगिताएं भी हुईं। शोभायात्रा के बाद शाम को महाआरती और सामूहिक भोज का आयोजन किया गया। जिले भर में अग्रवाल समाज ने यह जयंती समारोह मनाया।