झालावाड़ नगर परिषद सहित जिले की सातों नगर पालिकाओं में सभापति एवं अध्यक्ष पद के लिए बुधवार को कुल 25 प्रत्याशियों ने 26 नामांकन पत्र भरे। नामांकन पत्रों की जांच 17 सितंबर और वापस लेने की अंतिम तिथि 18 सितंबर दोपहर 3 बजे तक निर्धारित है। जिला निर्वाचन अधिकारी (कलेक्टर) अजय सिंह राठौड़ ने बताया कि नगर परिषद झालावाड़ में सभापति पद के लिए राजकुमार सोनी ने भाजपा से, राजेश गुर्जर एवं शीतल ने कांग्रेस से नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। नगर पालिका भवानीमण्डी में सूनिश कुमार दीक्षित ने भाजपा से, राजेश व पिंकी ने कांग्रेस से, नगर पालिका झालरापाटन में कपिल, महेश कुमार व अंशु गुप्ता ने भाजपा से व रिजवान अहमद ने कांग्रेस से तथा मोहम्मद नदीम ने आम आदमी पार्टी से, नगर पालिका पिड़ावा में राजू माली ने भाजपा से, रणजीत सिंह चौहान ने कांग्रेस से और सगीर अहमद खां ने निर्दलीय, नगर पालिका अकलेरा में याशिका मेवाड़ा ने भाजपा से, हिमानी पारेता ने कांग्रेस से व निर्दलीय आमिला मंसूरी ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र भरे हैं। इसी प्रकार नगर पालिका मनोहरथाना में देवेन्द्र शर्मा ने भाजपा से और राहुल साहू ने कांग्रेस से, नगर पालिका खानपुर में प्रिया सुमन ने भाजपा से व कान्ता साहू व अनिता गुप्ता ने कांग्रेस से, नगर पालिका डग में टीना ने कांग्रेस व निर्दलीय, भगवती बाई ने भाजपा से एवं साक्षी पहाड़िया ने कांग्रेस से अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र भरे हैं। नामांकन पत्रों की जांच 17 सितंबर और वापस लेने की अंतिम तिथि 18 सितंबर दोपहर 3 बजे तक निर्धारित है। इसके बाद चुनाव चिह्नों का आवंटन होगा। सभापति एवं अध्यक्ष पद के लिए मतदान 21 सितंबर को होंगे। मतदान का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक रहेगा तथा मतगणना मतदान समाप्ति के तुरंत बाद की जाएगी। ओबीसी वर्ग से बनेगा सभापति झालावाड़ नगर परिषद में सभापति पद ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित है। बता दें कि कांग्रेस प्रत्याशी राजेश गुर्जर वार्ड 26 से 166 वोटों से चुनाव जीतकर पार्षद बने हैं। उन्होंने अपने चचेरे भाई और भाजपा प्रत्याशी मनोज गुर्जर को हराया था। वहीं, भाजपा के राजकुमार सोनी ने कांग्रेस के लोकेश सोनी को 271 वोटों से हराया था। राजेश गुर्जर डेयरी व्यवसाय से जुड़े हैं, जबकि राजकुमार सोनी बिजनेसमैन बताए जाते हैं। कांग्रेस को है बहुमत झालावाड़ में कांग्रेस पार्टी को 29 वार्ड में जीत मिली है, जबकि भाजपा को 13 वार्ड में जीत मिली है। एक वार्ड आम आदमी पार्टी ने जीता है और 2 निर्दलीय भी चुनाव जीतकर आए हैं। नगर परिषद में कुल 45 वार्ड हैं। चुनाव के पहले दिन नामांकन में भाजपा और कांग्रेस के एक-एक प्रत्याशी निर्विरोध जीत गए हैं। नगर परिषद झालावाड़ में सुबह से ही नामांकन दाखिल प्रक्रिया के दौरान राजनीतिक हलचल नजर आती रही, नामांकन के लिए आने वाले प्रत्याशियों के साथ उनके समर्थक भी नगर परिषद पहुंचे।