नगर परिषद झालावाड़ के सभापति चुनाव में कांग्रेस की ओर से स्पष्ट बहुमत आने के बाद कांग्रेस प्रत्याशी राजेश गुर्जर सभापति चुने गए हैं। गुर्जर को 30 मत मिले हैं, जबकि भाजपा प्रत्याशी राजकुमार सोनी को 15 मत मिले। इस पर राजेश गुर्जर को 15 मतों से विजय घोषित किया गया। जिले के 8 नगरीय निकायों में 4 में कांग्रेस और 4 में भाजपा को जीत मिली है। झालावाड़ में कांग्रेस पार्टी को 45 वार्डों में 29 और भाजपा को 13 वार्ड में जीत हासिल हुई है। वहीं, दो निर्दलीय और एक आम आदमी पार्टी प्रत्याशी भी चुनाव जीतकर आए थे। ऐसे में दोनों ही पार्टियों को क्रॉस वोटिंग के चलते कांग्रेस को एक और भाजपा को दो मत सभापति के लिए अधिक मिले हैं। भाई को हराकर जीतने वाले राजेश बने सभापति
राजेश गुर्जर शहर के वार्ड 26 से चुनाव जीतकर पार्षद चुने गए हैं। अपने ही रिश्तेदार भाई भाजपा प्रत्याशी मनोज गुर्जर को हराकर चुनाव जीतने वाले राजेश गुर्जर को पार्टी की ओर से सभापति का संभावित दावेदार घोषित किया गया था। वहीं, अल्पमत बहुमत के बावजूद भाजपा की ओर से राजकुमार सोनी को सभापति के लिए दावेदार घोषित किया गया था। राजेश गुर्जर (26) दूसरी बार पार्षद का चुनाव जीतकर आए हैं। वर्तमान में वह झालावाड़ शहर में दूध डेयरी व्यवसाय से जुड़े हुए हैं, हालांकि उनका राजनीतिक कार्यकाल किसी पद पर नहीं केवल वार्ड पार्षद से ही शुरुआत हुई है। आपको बता दें कि झालावाड़ शहर का नगर परिषद का बोर्ड पिछले साल भाजपा के पास रहा है, लेकिन पूर्व सभापति संजय शुक्ला रिश्वत के मामले में नाम आने के बाद से ही फरार बताए गए हैं। वहीं, आमजन को भी अपने काम के लिए परेशान होना पड़ रहा था। हालांकि कांग्रेस से सभापति बनने के बाद गुर्जर के सामने बड़ी चुनौती झालावाड़ के विकास को लेकर रहेगी। नवनिर्वाचित सभापति ने कहा शहर को बनाएंगे सुंदर
नवनिर्वाचित सभापति राजेश गुर्जर ने कहा कि शहर को सुंदर स्वच्छ बनाने के लिए काम करेंगे सभी वार्डों में काम कराए जाएंगे उन्होंने पिछले भाजपा बोर्ड को लेते हुए कहा कि पिछले बोर्ड का 5 साल का कार्यकाल आम जनता ने देखा है क्या हाल रहा है। बोर्ड पर भ्रष्टाचार के भी उन्होंने आरोप लगाए। उन्होंने चुनाव जीतने के बाद पार्टी के ही पार्षद प्रत्याशियों के दबाव को लेकर कहा कि जनता ने उन्हें स्पष्ट जनादेश दिया है ऐसे में विपक्षी पार्टी असफल रही है वह जनता के हित में काम करेंगे। मतदान से पहले सभी निर्वाचित पार्षदों को शपथ दिलाई
नगर परिषद परिसर के बाहर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। पुलिस बल तैनात है और बैरिकेडिंग भी की गई। आने-जाने वालों पर कड़ी नजर रखी गई। सुबह 10 बजे सभापति पद के लिए मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। मतदान से पहले सभी निर्वाचित पार्षदों को शपथ दिलाई गई। मतदान खत्म होने के बाद वोटों की गिनती की गई। निर्वाचित पार्षदों को मोटर गैरेज इलाके की तरफ से नगर परिषद झालावाड़ मतदान केंद्र में प्रवेश दिया गया। करीब 500 मीटर तक बैरिकेड्स लगाए गए थे, जहां अतिरिक्त पुलिस बल गश्त करता दिखा। इस दौरान भाजपा के निर्विरोध निर्वाचित प्रत्याशी प्रदीप सिंह राजावत भी मतदान करने पहुंचे।