झालावाड़ नगर परिषद में सभापति पद के चुनाव की तस्वीर गुरुवार को नामांकन पत्रों की जांच के बाद साफ हो गई है। अब इस पद के लिए कांग्रेस के राजेश गुर्जर और भाजपा के राजकुमार सोनी के बीच सीधा मुकाबला होगा। कांग्रेस की ओर से दाखिल किए गए दो नामांकनों में से शीतल पाटीदार का नामांकन रद्द कर दिया गया। जिला प्रशासन के मुताबिक बुधवार को कांग्रेस की तरफ से राजेश गुर्जर और शीतल पाटीदार ने नामांकन भरे थे। भाजपा की ओर से राजकुमार सोनी ने भी नामांकन दाखिल किया था। गुरुवार को नामांकन पत्रों की जांच के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी शीतल पाटीदार का नामांकन रद्द हो गया। इसके बाद अब चुनाव मैदान में सिर्फ कांग्रेस के राजेश गुर्जर और भाजपा के राजकुमार सोनी बचे हैं। झालावाड़ में 43 वार्डों में चुनाव हुए हैं। इनमें कांग्रेस को 29, भाजपा को 13, आम आदमी पार्टी को 1 और निर्दलीय को 1 सीट मिली है। इस हिसाब से बहुमत कांग्रेस के पास है, लेकिन सभापति चुनाव के बाद ही सही स्थिति सामने आएगी। प्रत्याशियों के नाम वापस लेने की आखिरी तारीख 18 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक तय की गई है। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनाव चिह्नों का बंटवारा किया जाएगा। सभापति और चेयरमैन पद के लिए मतदान 21 सितंबर को होगा। वोटिंग सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगी। मतदान खत्म होने के बाद वोटों की गिनती की जाएगी और नतीजे घोषित होंगे। नगर परिषद में उपसभापति पद का चुनाव 22 सितंबर को होगा। इस प्रक्रिया के लिए बैठक सुबह 10 बजे शुरू होगी। नामांकन पत्र सुबह 11 बजे तक जमा किए जा सकेंगे। इसके बाद सुबह 11.30 बजे से नामांकन पत्रों की जांच होगी। उम्मीदवारी वापस लेने का समय दोपहर 2 बजे तक रहेगा। अगर जरूरत पड़ी तो उपसभापति पद के लिए मतदान दोपहर 2.30 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। मतदान खत्म होने के बाद तुरंत वोटों की गिनती की जाएगी।