झालावाड़ जिले में पंचायती राज चुनाव की घोषणा के बाद गांवों में चुनावी माहौल बन गया है। सरपंच पद को लेकर ग्रामीणों में खास उत्साह दिख रहा है। चुनाव की तारीखें आते ही दावेदारों के स्वागत और बैठकों का दौर शुरू हो गया है। कोलाना, चंगेरी, बावड़ीखेड़ा, टपरिया और मुंडेरी जैसे गांवों में रात को ग्रामीणों की भीड़ जुटी। यहां संभावित दावेदारों का स्वागत माला पहनाकर और साफा बांधकर किया गया। कुछ जगह फलों से तौलने की भी चर्चा रही। महिला दावेदारों पर चर्चा कोलाना के पूर्व सरपंच रामचंद्र स्वामी ने बताया कि उनके गांव में भी काफी उत्साह है। कोलाना ग्राम पंचायत में सरपंच पद सामान्य महिला के लिए आरक्षित है, इसलिए महिला दावेदारों पर चर्चा चल रही है। नामांकन प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है, पर गांवों में दावेदारों के समर्थक सक्रिय हो गए हैं। सरपंच पद के लिए दावेदारों की संख्या जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों से ज्यादा दिख रही है। गांवों में सरपंच बनने को लेकर कई नाम चर्चा में हैं, जबकि जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए अभी सीमित नाम ही सामने आ रहे हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय नेतृत्व के इस पद को लेकर लोगों में कितना उत्साह है। चाय की दुकानों पर भी चर्चाओं का दौर शुरू पंचायत राज चुनाव की कार्यक्रम की घोषणा होते ही ग्रामीण इलाकों में चाय की दुकानों पर सरपंच चुनाव की चर्चा होने लगी है। जहां देखो वही लोग चुनाव की चर्चाएं कर रहे हैं हालांकि प्रधान और जिला परिषद सदस्य पंचायत समिति सदस्य के लिए भी राजनीतिक रूप से रणनीतियां बनना शुरू हो गई है। भाजपा की ओर से एक दिन पूर्व झालरापाटन में चुनाव प्रभारी ने बैठक लेकर रणनीति पर चर्चा की है।