झालावाड़ के जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 8 अक्टूबर को पनवाड़ थाना क्षेत्र के दहीखेड़ा कस्बे में दबिश दी। यहां सट्टे की पर्चियों पर अंक लगाते 18 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 31,460 रुपए की सट्टा राशि, सट्टा खेलने के उपकरण, दो कार और पांच मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। जिला विशेष टीम के साथ दी दबिश पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि एडिशनल एसपी भागचंद मीणा और खानपुर डीवाईएसपी गरिमा जिंदल के निर्देश पर पनवाड़ थानाधिकारी सम्पतराज वैष्णव के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। टीम ने जिला विशेष टीम के साथ मिलकर दहीखेड़ा गांव में दबिश दी। इस दौरान सट्टे की पर्चियों पर अंक लगाते मिले 18 लोगों को पकड़ लिया गया। दहीखेड़ा से लेकर कोटा-बारा तक के आरोपी पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में ईरफान (36), तारीफ अंसारी (45), कन्हैयालाल (59), भूपेंद्र (26), रामकल्याण (64), चंद्रप्रकाश (40), धनराज (51), भोला बिहारी (38), कमल (40), अब्दुल सलाम (34), सिद्दीक मोहम्मद (52), धर्मराज (35), ईरशाद (36), कमलाशंकर (46), महेश कश्यप (23), बंशीलाल (75), जगदीश (59) और ब्रजराज (40) शामिल हैं। आरोपियों में दहीखेड़ा सहित खानपुर, पनवाड़, बारां और कोटा क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। वहीं, एक आरोपी बिहार के चंपारण जिले का रहने वाला है। मामला दर्ज, आगे की जांच जारी पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और प्रकरण में आगे की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में सट्टे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान के तहत कार्रवाई जारी रहेगी।