कोटा ग्रामीण के मोडक थाना इलाके में पुलिस ने एक्सप्रेस-वे पर नाकाबंदी तोड़कर भाग रहे पंजाब और हरियाणा के 4 डोडा तस्करों को दबोचा। इस दौरान पुलिस ने शनिवार को दो कारों से नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 123.33 किलो डोडा चूरा जब्त किया है। पुलिस के मुताबिक, मादक पदार्थ मध्यप्रदेश के गरोठ से पंजाब ले जाया जा रहा था। पुलिस ने तस्करी में यूज की जा रही दो वोक्सवैगन वेंटो कारें भी जब्त की है। इनमें एक कार हरियाणा नंबर की है, जबकि दूसरी कार पर कोई नंबर नहीं था। जब्त मादक पदार्थ और वाहनों की कुल कीमत करीब 35 लाख रुपए बताई गई है। मामले में पंजाब निवासी लवप्रीत सिंह (28) और गुरविंदर सिंह (23) तथा हरियाणा निवासी गुरप्रीत सिंह (18) और अविनाश (18) को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को देख नाकाबंदी तोड़ भागने लगे तस्कर ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर ने बताया कि 17 अक्टूबर को मोडक थाना पुलिस और जिला विशेष टीम (DST) ने दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे के पास नाकाबंदी की थी। इस दौरान निमथूर-गरोठ (मध्यप्रदेश) की तरफ से दो कारें आती हुई दिखाई दीं। पुलिस को देखकर दोनों कारों में आए तस्करों ने भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों कारों को रुकवाया। दो कारों से कुल 123.33 किलो अवैध डोडा चूरा पकड़ा एसपी ने बताया कि तलाशी लेने पर बिना नंबर की कार से डोडा चूरा के 3 कट्टे और HR70E8549 नंबर की कार से 5 कट्टे बरामद हुए। दोनों कारों से कुल 123.33 किलो अवैध डोडा चूरा मिला। यह कार्रवाई रामगंजमंडी डीएसपी ओमप्रकाश के निर्देशन में मोडक थानाधिकारी राजेंद्र प्रसाद मीणा और डीएसटी प्रभारी सुरेंद्र राणा की टीम ने की।