झालावाड़ के पीजी कॉलेज में 'नशा मुक्ति एवं युवाओं की भूमिका' विषय पर एक व्याख्यान हुआ। इसका आयोजन नई किरण नशा मुक्ति केंद्र ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रोफेसर जी.के. मालवीय ने की, जबकि मुख्य वक्ता डॉ. अश्विनी कुमार पाटीदार और विशिष्ट अतिथि डॉ. मुनेश मीणा रहे। डॉ. पाटीदार ने छात्रों को तंबाकू, शराब और सिंथेटिक ड्रग्स से होने वाली गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के बारे में बताया। उन्होंने नशे से दूर रहने के लिए आत्मचिंतन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच को जरूरी बताया। योग और आयुर्वेद की जीवनशैली अपनाने की भी सलाह दी। डॉ. मुनेश मीणा ने कहा कि नशा पूरे परिवार को प्रभावित करता है। प्रोफेसर जी.के. मालवीय ने विद्यार्थियों को पढ़ाई को जीवन का मुख्य उद्देश्य बनाने और भविष्य निर्माण पर ध्यान देने की प्रेरणा दी। उन्होंने जोर दिया कि शिक्षा ही जीवन को सही दिशा देती है। कार्यक्रम में पीजी कॉलेज के संकाय सदस्य, एनसीसी कैडेट्स एवं बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स उपस्थित रहे। अंत में डॉ. रामकिशन माली ने सभी अतिथियों, संकाय सदस्यों एवं स्टूडेंट्स का आभार व्यक्त किया। बालिकाओं को स्वास्थ्य, पोषण और एनीमिया से बचाव का संदेश बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत बालिकाओं एवं महिलाओं में स्वास्थ्य, पोषण, संतुलित आहार तथा एनीमिया की रोकथाम को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 28 से 30 सितम्बर तक विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सोमवार को कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, असनावर में महिला अधिकारिता विभाग एवं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, झालावाड़ के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में महिला अधिकारिता विभाग की सुपरवाइजर सोनिया पाटीदार ने किशोरियों एवं बालिकाओं को मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन, व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए दैनिक भोजन में आवश्यक पोषक तत्वों को शामिल करने की जानकारी दी। साथ ही एनीमिया की रोकथाम के लिए बालिकाओं को आयरन की गोलियां वितरित की गईं। कार्यक्रम में बालिकाओं को महिला हेल्पलाइन 181, सखी वन स्टॉप सेंटर तथा महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र के माध्यम से उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं एवं सुविधाओं के बारे में भी जानकारी दी गई। बालिकाओं को किसी भी प्रकार की समस्या होने पर उपलब्ध सहायता एवं परामर्श सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। पन्नाधाय सुरक्षा एवं सलाह केंद्र के सलाहकारों तथा जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ विमेन की जेंडर स्पेशलिस्ट के माध्यम से पोषण एवं स्वास्थ्य विषय पर प्रश्नोत्तरी आयोजित की गई। इसमें बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को प्रोत्साहित किया।शिविर के दौरान बालिकाओं को सहजन, अर्जुन एवं आंवला जैसे उपयोगी एवं औषधीय पौधे भी भेंट किए गए। इसके माध्यम से स्वास्थ्य एवं पोषण के साथ पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। अभियान के माध्यम से बालिकाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, पौष्टिक एवं संतुलित आहार लेने, एनीमिया से बचाव के उपायों को अपनाने तथा स्वास्थ्य संबंधी विषयों के प्रति जागरूक और सजग रहने के लिए प्रेरित किया।