झालावाड़ के राजपूत छात्रावास में महाराज राणा हरिश्चंद्र सिंह की जयंती और वार्षिकोत्सव मनाया गया। इस मौके पर प्रतिभा सम्मान समारोह भी आयोजित हुआ। समारोह में कक्षा 10वीं और 12वीं में 90% से अधिक अंक लाने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया। स्नातक कक्षाओं में 80% से ज्यादा अंक पाने वाले, खेलकूद, एनसीसी, पीएचडी, एमबीबीएस, इंजीनियरिंग जैसे विशिष्ट क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले और सरकारी सेवा में नए चयनित हुए युवाओं को भी नवाजा गया। मुख्य संरक्षक महाराज राणा चंद्रजीत सिंह झाला और मुख्य अतिथि भंवर सिंह घाटी सहित अन्य अतिथियों ने समाज को सामाजिक और शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने युवाओं से बिजनेस, राजनीति और सामाजिक हर क्षेत्र में भागीदारी बढ़ाने को कहा। विशिष्ट अतिथि अजीत सिंह हाडा ने पूर्व नरेश हरिश्चंद्र सिंह के योगदान को याद किया। उन्होंने बताया कि हरिश्चंद्र सिंह ने अपने कार्यकाल में बिजली का जाल बिछाया और कई पुलियां स्वीकृत की थीं, जिससे झालावाड़ के विकास में अहम भूमिका निभाई।