झालावाड़ में कोतवाली पुलिस अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। निर्भय सिंह सर्किल पर नाकाबंदी के दौरान एक स्मैक तस्कर गिरफ्तार हुआ। उससे 30 ग्राम 80 मिलीग्राम स्मैक जब्त हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6.50 लाख रुपए है। एसपी अमित कुमार के निर्देश पर सीआई मुकेश कुमार मीणा की टीम ने यह कार्रवाई की। नाकाबंदी में संदिग्ध कैलाश (38) पुत्र जगदीश कुम्हार (टोंक जिले के झिलाई निवासी) को पकड़ा गया। तलाशी में उसके पास से स्मैक मिली, जिसे जब्त कर उसे गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी पर एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। उससे स्मैक की खरीद-फरोख्त, सप्लाई के स्रोत और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों से पूछताछ जारी है। जिला स्पेशल टीम का भी सहयोग मिला। पुलिस का कहना है कि जिले में स्मैक तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है।