झालावाड़ में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने जिले के सभी एडिशनल एसपी, डीवाईएसपी और थानाधिकारियों के साथ अपराध गोष्ठी की। इस दौरान उन्होंने कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और आपराधिक आंकड़ों की समीक्षा करते हुए आगामी त्योहारों के मद्देनजर पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। एसपी ने संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, रात्रि गश्त को मजबूत करने और परिवादियों के साथ बेहतर व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने के लिए लोकल एवं स्पेशल एक्ट, विशेषकर आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत अधिक से अधिक कार्रवाई करने पर जोर दिया। नशा तस्करों पर कार्रवाई के संबंध में एसपी ने गलियों और मोहल्लों में नशा बेचने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस के सूचना तंत्र को मजबूत रखने और एनडीपीएस एक्ट में दर्ज मामलों में पीआईटी एनडीपीएस की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही शराब के ठेकों पर अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में एक वर्ष से अधिक समय से लंबित प्रकरणों, लंबित चालान और एफआर का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। मामलों में बरामदगी प्रतिशत बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। इसके अतिरिक्त सड़क दुर्घटनाओं वाले ब्लैक स्पॉट की सूची तैयार कर उन पर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि जिन व्यक्तियों के खिलाफ छह से अधिक प्रकरण दर्ज हैं, उनकी हिस्ट्रीशीट खोली जाए। हिस्ट्रीशीटर और हार्डकोर अपराधियों के खिलाफ शिकायत मिलने पर गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज करने तथा एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ के प्रावधानों के तहत उनकी संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। थानों पर आने वाले परिवादियों और आगंतुकों की शिकायतों को संवेदनशीलता से सुनकर त्वरित निस्तारण करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही थानों और पुलिस लाइन के प्रशासनिक एवं आवासीय भवनों में साफ-सफाई, बेहतर रिकॉर्ड संधारण और व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए गए। एसपी ने अधिकारियों को क्षेत्र में कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली किसी भी घटना या आपराधिक गतिविधि की तत्काल सूचना उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने के लिए निर्देशित किया। वर्तमान वर्षा ऋतु को देखते हुए जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।