झालावाड़ में स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी चुनाव कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को मिनी सचिवालय सभागार में आयोजित प्रशिक्षण में जोनल मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारियों को उनकी भूमिका, दायित्व और कानून-व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रशिक्षण दिया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ तथा पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने अधिकारियों को मतदान केन्द्रों की व्यवस्थाओं से लेकर ईवीएम की सुरक्षा, मॉक पोल, आचार संहिता के उल्लंघन और चुनाव के दौरान आने वाली संभावित समस्याओं के तत्काल समाधान के निर्देश दिए। जोनल मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारी होंगे अहम कड़ी जिला निर्वाचन अधिकारी अजय सिंह राठौड़ ने कहा कि जोनल मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारी जिला निर्वाचन अधिकारी और रिटर्निंग अधिकारियों के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। सभी अधिकारी आपसी समन्वय और सजगता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में सम्पन्न हो सके। उन्होंने सभी मतदान केन्द्रों का गहन निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं की समय रहते जांच करने के निर्देश दिए। मतदान दलों और मतदाताओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं के साथ सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लेने तथा संभावित समस्याओं का पूर्व आकलन कर उनके समाधान की कार्ययोजना तैयार रखने को कहा। मॉक पोल से लेकर EVM खराबी तक पर रहेगी नजर अजय सिंह राठौड़ ने मॉक पोल एवं प्रारम्भिक मतदान प्रक्रिया को महत्वपूर्ण बताते हुए निर्धारित नियमों के अनुसार पूरी सजगता से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान ईवीएम में तकनीकी खराबी, मतदाता सूची में नाम नहीं होने या मतदान दल से जुड़ी किसी समस्या का तत्काल नियमानुसार समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों के नाम और दूरभाष नम्बर उपलब्ध रखने तथा आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन पर तत्काल नियमानुसार कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए। EVM सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने पुलिस अधिकारियों को जोनल मजिस्ट्रेट के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था से जुड़ी किसी भी घटना की सूचना तत्काल जिला एवं पुलिस प्रशासन को दी जाए। चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को सतर्क और सक्रिय रहने पर जोर दिया गया। ये अधिकारी रहे मौजूद प्रशिक्षण के दौरान उपखण्ड अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी झालावाड़ सोनू कुमारी, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी राम सिंह मीणा, सूचना एवं जनसम्पर्क अधिकारी हेमन्त छीपा, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी प्रकाश चन्द्र सोनी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।