झालावाड़ के आदर्श विद्या मंदिर माध्यमिक विद्यालय में राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' के 150 साल पूरे होने पर एक पोस्टर जारी किया गया। यह कार्यक्रम विद्या भारती की ओर से संचालित स्कूल में हुआ। इसमें स्कूल स्टाफ और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। स्कूल में पारी प्रभारी बालमुकुंद सुमन ने भी विद्यार्थियों को इस कार्यक्रम के महत्व और राष्ट्रगीत की इतिहास में भूमिका के बारे में जानकारी दी। प्रिंसिपल केशुराम पाटीदार ने बताया कि 25 सितंबर को सुबह 11 बजे पूरे देश में एक साथ 'वंदे मातरम्' का सामूहिक गायन किया जाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों से इस राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम में उत्साह से हिस्सा लेने और राष्ट्रगीत के प्रति सम्मान बनाए रखने को कहा। 'वंदे मातरम्' भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान राष्ट्रीय चेतना और देशभक्ति की भावना जगाने वाला एक खास गीत रहा है। इसके 150 साल पूरे होना देशवासियों के लिए गर्व की बात है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साह से हिस्सा लिया और राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना दिखाई। विद्यालय परिसर में इस आयोजन को लेकर काफी उत्साह था। यह जानकारी शिक्षक आदित्य गौड़ ने दी।