नगरीय निकाय चुनाव 2026 के प्रथम चरण के मतदान में झुंझुनूं जिले के दिव्यांग मतदाताओं ने लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। जिले की 9 नगरीय निकायों में दिव्यांग मतदाताओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही। कुल 1,346 पंजीकृत दिव्यांग मतदाताओं में से 1,154 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस प्रकार दिव्यांग मतदाताओं का मतदान प्रतिशत 85.73 प्रतिशत दर्ज किया गया। दिव्यांग मतदाताओं के लिए रहीं खास सुविधाएं प्रभारी अधिकारी, दिव्यांग मतदाता सुविधा प्रकोष्ठ एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक अरविंद ओला ने बताया- नगर परिषद झुंझुनूं, बगड़, सुल्ताना, नवलगढ़, जाखल, डूंडलोद, मुकुंदगढ़, उदयपुरवाटी और खेतड़ी में दिव्यांग मतदाताओं ने पूरे उत्साह के साथ मतदान किया। मतदान के दौरान प्रशासन की ओर से दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। मतदान केंद्रों पर दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैंप, व्हीलचेयर और सुगम प्रवेश की व्यवस्था की गई थी। इसके अलावा जरूरतमंद मतदाताओं के लिए वाहन सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। मतदान केंद्रों पर स्काउट एवं गाइड के छात्र-छात्राओं ने दिव्यांग मतदाताओं की सहायता करते हुए उन्हें मतदान केंद्र तक पहुंचाने और मतदान प्रक्रिया पूरी कराने में सहयोग किया। जागरूकता अभियान भी चलाए गए उन्होंने बताया- मतदान से पहले दिव्यांग मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से विभिन्न स्तरों पर जागरूकता अभियान चलाए गए। इसके सकारात्मक परिणाम मतदान के दिन देखने को मिले, जब बड़ी संख्या में दिव्यांग मतदाता मतदान केंद्रों तक पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिला प्रशासन ने दिव्यांग मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी को लोकतंत्र के प्रति उनकी जागरूकता और विश्वास का प्रतीक बताते हुए कहा कि सभी मतदाताओं को बिना किसी बाधा के मतदान का अवसर उपलब्ध कराना निर्वाचन प्रक्रिया की प्राथमिकता रही।