पंचायती राज चुनाव-2026 के तहत झुंझुनूं जिला परिषद के 41 वार्डों में सदस्य पद के लिए नामांकन दाखिल करने का आज अंतिम दिन है। कलक्ट्रेट में प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की भीड़ जुट रही है। मंडावा से 2018 के उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी रहीं और तीन बार प्रधान का पद संभाल चुकीं कद्दावर नेता सुशीला सीगड़ा ने भाजपा छोड़कर कांग्रेस में घर वापसी कर ली है। वहीं, भाजपा जिलाध्यक्ष एवं निवर्तमान झुंझुनूं जिला प्रमुख हर्षनी कुलहरी ने जिला परिषद सदस्य पद के लिए वार्ड-5 से नामांकन दाखिल किया है। हर्षनी कुलहरी पूर्व सांसद नरेंद्र कुमार की पुत्रवधू हैं। जिला प्रमुख का पद महिला आरक्षण के दायरे में होने के कारण उनके नामांकन को जिले की राजनीति में अहम माना जा रहा है।