जोधपुर में जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय (JNVU) के पेंशनर्स की पेंशन पिछले 6 महीने से बकाया है। पेंशनर्स के मुताबिक, बकाया राशि 50 करोड़ रुपए से ज्यादा है। शनिवार को पेंशन और एरियर सहित अन्य मांगों को लेकर पेंशनर्स ने प्रदर्शन कर अपनी मांगें उठाईं। पेंशनर्स ने यूनिवर्सिटी प्रशासन पर समस्याओं का समाधान नहीं करने का भी आरोप लगाया। पेंशनर्स समिति के अध्यक्ष प्रोफेसर रामनिवास शर्मा ने बताया कि आज (शनिवार) जब प्रदर्शन करने पहुंचे तो विश्वविद्यालय के मेन गेट पर ताला लगा हुआ था। उन्होंने बताया कि कुलगुरु ने ताला लगवाने के आदेश दिए थे, लेकिन पेंशनर्स ने कहा कि ताला लगा रहा तो वह भी कुलगुरु को नहीं आने देंगे। इसके बाद फिर दूसरे गेट से प्रदर्शन करने विश्वविद्यालय के कुलगुरु ऑफिस के बाहर पहुंचे। वहां पर अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी की। 50 करोड़ से ज्यादा पेंशन बकाया प्रोफेसर रामनिवास शर्मा ने बताया कि विश्वविद्यालय के करीब 1500 पेंशनर्स हैं, जिन्हें हर महीने 8.67 करोड़ रुपए की पेंशन का भुगतान किया जाता है। लेकिन पिछले 6 महीने से पेंशन का भुगतान नहीं हुआ है। विश्वविद्यालय के पेंशनर्स के 50 करोड़ से ज्यादा की राशि बकाया चल रही है, लेकिन प्रशासन की ओर से इस पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। जिससे पेंशनर्स को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ये रखी मांगे 6 महीने की बकाया पेंशन, सातवें वेतन आयोग के एरियर के भुगतान से वंचित पेंशनर्स का बकाया एरियर दिया जाए। इके साथ ही की ग्रेच्युटी आदि का भुगतान और अन्य सेवानिवृत्ति परिलाभों के भुगतान किया जाए। पेंशन का भुगतान नहीं हो जाता, तब तक आंदोलन रहेगा जारी आज पेंशनर्स को प्रोफेसर सुखवीर सिंह बैस, प्रोफेसर कैलाश नाथ व्यास, प्रोफेसर खरता राम पटेल, प्रोफेसर राम निवास शर्मा और अशोक व्यास ने संबोधित करते हुए कहा कि जब तक हमारी पेंशन एवं अन्य बकाया राशि का भुगतान नहीं हो जाता, तब तक हमारा आंदोलन जारी रहेगा। साथ ही सभी ने कुलगुरु के अनैतिक एवं अमानवीय व्यवहार की निंदा करते हुए उनके त्याग पत्र की मांग की। ये रहे मौजूद धरने में प्रोफेसर रामनिवास शर्मा, अध्यक्ष, प्रोफेसर कैलाश नाथ व्यास, प्रोफेसर सुखवीर सिंह बाईस , प्रोफेसर एस.पी.व्यास, प्रोफेसर एस. एन. गर्ग, अशोक गर्ग. प्रोफेसर एल. एन .बुनकर,अब्दुल गफ़ूर, राम दत्त हर्ष, गोपाल चौहान, प्रोफेसर विनीता परिहार, प्रोफेसर रेणु शर्मा, प्रोफेसर ऊषा तलवार, प्रोफेसर डी.के.शर्मा, प्रोफेसर पंकज नामा , दिनेश रामावत सहित लगभग 150 से ज्यादा पेंशनर्स उपस्थित रहे। ---------- मामले से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए… JNVU में पेंशनर्स का प्रदर्शन, गाड़ी में बैठे रहे वीसी:बोले- 6 महीने से पेंशन नहीं मिली; पहले भी कर चुके हैं आंदोलन जोधपुर में एक बार फिर जयनारायण व्यास यूनिवर्सिटी(JNVU) के पेंशन सोसाइटी की ओर से गुरुवार को धरना प्रदर्शन किया गया। पेंशनर्स का कहना था कि पिछले 6 महीने से उन्हें पेंशन नहीं मिली है। हालांकि, इससे पहले भी पेंशनर्स विरोध प्रदर्शन कर चुके है। (पूरी खबर पढ़ें…)