जोधपुर की एक यूनिवर्सिटी में छात्रा ने लेक्चरर पर छेड़छाड़ के आरोप लगाए हैं। छात्रा ने आरोप लगाया कि लेक्चरर उससे अश्लील हरकत करने की कोशिश करते हैं और विरोध करने पर उसे फेल करने की धमकी देते हैं। मामला सामने आने के बाद छात्रों ने इसका जमकर विरोध किया। छात्रों के हंगामे के बाद यूनिवर्सिटी के कुलगुरु ने छात्रों के साथ बैठकर बात की और घटना पर तुरंत एक्शन लेते हुए लेक्चरर को तुरंत प्रभाव से बर्खास्त करने के आदेश जारी कर दिए। कुलगुरु ने बताया कि विश्वविद्यालय ने इस मामले को लेकर एक हाई लेवल कमेटी का गठन किया है। चार सदस्यों की यह कमेटी दो दिन में रिपोर्ट सौंपेगी। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में ऐसी हरकतें या शिकायतें किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हैं। कमेटी की रिपोर्ट मिलने के बाद आरोपी लेक्चरर के मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन को रद्द करने के सिफारिश भी विश्वविद्यालय द्वारा की जाएगी।