जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट में APK फाइल भेजकर अकाउंट से 1.27 लाख रुपए उड़ाने का मामला सामने आया है। वहीं पुलिस ने एमडी ड्रग के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा जोधपुर के राजीव गांधी नगर थाना क्षेत्र में 2 युवकों के सड़क हादसे में घायल होने की सूचना है। इन सभी मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 1. APK फाइल भेजकर खाते से 1.27 लाख रुपए उड़ाए साइबर अपराधियों ने ठगी का नया तरीका अपनाते हुए मंडोर निवासी बालूराम गहलोत को अपना शिकार बनाया। पीड़ित के पास एक अनजान नंबर से कॉल आया। आरोपी ने युवक को झांसे में लेकर उससे उसके क्रेडिट कार्ड की जानकारी ले ही और फिर उसके व्हाट्सएप पर एक APK फाइल भेजी। पीड़ित ने जैसे ही APK फाइल पर क्लिक किया तो उसके 3 बैंक खातों से 1.27 लाख रुपए गायब हो गए। मंडोर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। 2. MD ड्रग के साथ एक तस्कर गिरफ्तार अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना पुलिस ने देर रात कार्रवाई करते हुए दिनेश पुत्र ओमप्रकाश विश्नोई, निवासी गोदावास, बालोतरा को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 2.42 ग्राम एमडी जब्त की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। 3. सड़क हादसे में दो घायल राजीव गांधी नगर थाना क्षेत्र के अरण्या झरना पुलिया के पास एक तेज रफ्तार ग्रैंड विटारा कार के चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए आगे जा रही प्लेटिना बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। देचू निवासी केवलराम की रिपोर्ट पर पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 4. शिकारगढ़ में अधूरा छोड़ा निर्माण कार्य एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के शिकारगढ़ उचियाड़ा रोड निवासी नरपतसिंह राजपुरोहित ने निर्माण ठेकेदार अधिराज सिंह तंवर के खिलाफ अनुबंध के उल्लंघन और धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ठेकेदार ने भारी रकम लेने के बावजूद निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया और पैसों के लेन-देन में गड़बड़ी की। मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 5. मकान और बाइक चोरी के मामले करवड़ व डांगियावास: बासनी लाछा में हीरालाल माली और काकेलाव में नेनाराम मेघवाल के मकान की खिड़की तोड़कर चोर सोने-चांदी के गहने व नकदी चुरा ले गए। मथानिया: थाना क्षेत्र के रामपुरा भाटियान में मूलाराम माली के घर की खिड़की तोड़कर नगदी व जेवर पार कर दिए गए। वाहन चोरी: रातानाडा PWD सर्किल से हेमराज की बाइक व नागोरी गेट तेजा हॉस्टल के सामने से जितेन्द्र की मोटरसाइकिल चोरी के मामले सामने आए हैं।