जोधपुर शहर और आसपास के इलाकों में बीते 24 घंटों में मौत, सुसाइड, चोरी, धोखाधड़ी, मारपीट और मादक पदार्थों की तस्करी के कई मामले सामने आए हैं। पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध गतिविधियों में लिप्त कई आरोपियों को धर दबोचा है। पढ़ें आज की प्रमुख क्राइम खबरें… केस 1 बनाड़: 968 ग्राम अवैध अफीम दूध के साथ तस्कर गिरफ्तार बनाड़ थाना पुलिस ने गश्त के दौरान जोजरी नदी पुलिया के पास एक बाइक सवार संदिग्ध युवक को रोका। तलाशी लेने पर आरोपी दीपक जाट (32), निवासी जालेली नायला के कब्जे से 968 ग्राम अवैध अफीम का दूध बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच मंडोर थानाधिकारी को सौंपी है। केस 2 रातानाडा: शोरूम के कर्मचारी ने साथियों संग मिलकर ठगे लाखों, गहने गिरवी रखकर लिया लोन सरदारपुरा स्थित मनोहर ज्वेलर्स में धोखाधड़ी और चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दुकान में कार्यरत कर्मचारी सवाईराम जोशी ने शोरूम से करीब 30 पीस सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। इसके बाद उसने फाइनेंस कंपनियों के कर्मचारियों से सांठ-गांठ कर चोरी के गहनों पर लोन ले लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी सवाईराम को गिरफ्तार कर लिया है। केस 3 करवड़: घर की खिड़की तोड़कर 1.30 लाख नगदी व जेवर पार करवड़ थाना क्षेत्र के गंगाणी गांव में अज्ञात चोरों ने दिनदहाड़े चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित रेवंतसिंह गहलोत ने रिपोर्ट दी कि अज्ञात बदमाश घर की खिड़की तोड़कर अंदर घुसे और अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण तथा 1,30,000 रुपए नगद चोरी कर फरार हो गए। पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है। केस 4 एयरपोर्ट रोड: रुपए न देने पर कबाड़ी पर जानलेवा हमला एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के सांसी कॉलोनी, 5 बत्ती चौराहे पर स्थित एक कबाड़ की दुकान में घुसकर कालू नामक युवक ने तोड़फोड़ की और रुपयों की मांग की। दुकान मालिक जावेद अली द्वारा पैसे देने से मना करने पर आरोपी ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे पीड़ित के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। हादसे और संदिग्ध मौत के 3 मामले सदर कोतवाली: शिखर होटल में ठहरे कमलसिंह राठौड़ (35), निवासी सीकर की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। लूणी: मोरटुका गांव में भंवरलाल जाट की ट्रैक्टर से गिरने के कारण दर्दनाक मौत हो गई। भगत की कोठी: 34 करणी नगर में 23 वर्षीय नरेंद्र गौड़ ने अज्ञात कारणों के चलते कमरे में पंखे के हुक से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।