जोधपुर नाबालिग पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। वहीं एक बुजुर्ग की सोने की मुरकियां चोरी हुई। इसके अलावा नागादड़ी में डूबने से महिला की मौत हो गई। इन सभी मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सोजती गेट पर नाबालिग पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला जोधपुर के व्यस्त सोजती गेट इलाके में बुधवार दोपहर 17 वर्षीय नाबालिग पर चाकू से हमला कर दिया गया। घटना दूध मंदिर के सामने हेमसिंह के कटले के पास हुई। हमले में गंभीर रूप से घायल नाबालिग को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उदयमंदिर थाना पुलिस ने जानलेवा हमले का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश और घटना की जांच शुरू कर दी है। बुजुर्ग के कान से सोने की मुरकियां निकालीं, दूसरे व्यक्ति से 15 हजार की ठगी मथानिया के बालरवा गांव में धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। प्रार्थी लालाराम मेघवाल ने पुलिस को दी रिपोर्ट में आरोप लगाया कि शेरनाथ कालबेलिया और उसके साथियों ने धोखे से उनके कानों की दो सोने की मुरकियां निकाल लीं। आरोपियों पर जगदीश नाम के व्यक्ति को झांसा देकर 15 हजार रुपए हड़पने का भी आरोप है। मथानिया पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शेरनाथ को शांति भंग और धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया है। शादी का झांसा देकर 9 महीने तक युवती का यौन शोषण नागोरी गेट थाना क्षेत्र निवासी एक अनुसूचित जाति की युवती ने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और बाद में मुकर जाने का मामला दर्ज कराया है। पीड़िता के अनुसार आरोपी पिछले 9 महीनों से लगातार शादी का झांसा देकर उसका शोषण कर रहा था। नागौरी गेट पुलिस थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच एसीपी सेंट्रल संदीप सिंह को सौंपी गई है। सल्फॉस खाने से 19 वर्षीय युवक की मौत शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो हादसों में दो लोगों की जान चली गई। बनाड़ के शिकारगढ़ निवासी 19 वर्षीय प्रवीण पुत्र परसाराम जाट द्वारा भूलवश सल्फॉस की गोलियां खा लेने से एमडीएम अस्पताल में इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। वहीं मंडोर स्थित नागादड़ी में डूबने से 48 वर्षीया रेखा पत्नी जयंतीलाल दर्जी की अकाल मृत्यु हो गई। दोनों मामलों में पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।