जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट में बीते 24 घंटे में मारपीट, साइबर धोखाधड़ी और गुमशुदगी के कई मामले सामने आए। एक ही खबर में पढ़ें जोधपुर में हुए क्राइम के प्रमुख समाचार। सिगरेट खरीदने आए बदमाशों का हमला, दो गंभीर जोधपुर के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में 11 सितंबर की शाम दुकान से सिगरेट खरीदने आए बदमाशों ने कहासुनी के बाद एक युवक व उसके साथी पर जानलेवा हमला कर दिया। प्रार्थी अजय कुमार प्रजापत (30) ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि आरोपी सुनील व आर्यन दुकान पर आए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट की। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी सुनील को गिरफ्तार कर लिया है। ऑनलाइन लिंक भेजकर व्यवसायी के खाते से उड़ाए 71.7 हजार जोधपुर कमिश्नरेट के खांडा फलसा थाने में साइबर ठगी का नया मामला सामने आया है। डागा बाजार निवासी व्यापारी सूरजकरण सारडा (52) को अज्ञात ठग ने मोबाइल पर एक ऑनलाइन लिंक भेजा। पीड़ित द्वारा लिंक पर क्लिक करते ही उनके बैंक खाते से 71,775 रुपए पार हो गए। जयपुर साइबर थाने में दर्ज जीरो नंबर एफआईआर के आधार पर खांडा फलसा थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। दो अलग अलग सड़क हादसे प्रतापनगर में चांदणा भाकर निवासी जयपाल की स्कॉर्पियो ने स्कूटी सवार महिला को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। भगत की कोठी में अमृतादेवी चौराहे के पास अज्ञात कार चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए सर्राफा व्यवसायी को टक्कर मार दी। दोनों मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अंधेरे में पहाड़ी से गिरा मजदूर, मौके पर मौत झंवर थाना क्षेत्र के रोहिला कल्ला गांव में 12 सितम्बर को एक दर्दनाक हादसा हुआ। डिडवाना-कुचामन निवासी मजदूर भैरूलाल (43) तड़के पहाड़ी क्षेत्र में जा रहा था, तभी अंधेरे में पैर फिसलने से गहरे गड्ढे में जा गिरा। सिर में गंभीर चोट आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ठेकेदार मांगीलाल की सूचना पर पुलिस ने मर्ग दर्ज किया है। कहासुनी के बाद मारपीट शहर के महामंदिर थाना क्षेत्र में मारवाड़ सभा भवन के सामने कहासुनी में झड़प का मामला सामने आया है। बदमाशों ने मारवाड़ सभा भवन के सामने एक युवक और उसके साथी को घेरकर लोहे के सरियों और पाइप से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पीड़ित पक्ष द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, आरोपियों ने एकजुट होकर जान से मारने की नीयत से लोहे के हथियार, सरिए और पाइप से प्रार्थी व उसके दोस्त के साथ गंभीर मारपीट की। हमले में दोनों को कई जगह गंभीर चोटें आईं। सूचना पर पहुंची महामंदिर थाना पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।