जोधपुर नगर निगम मेयर प्रसन्नचंद मेहता ने कहा-शहर में किसी भी धार्मिक कार्यक्रम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। दशहरा से पहले शहर में सफाई अभियान चलेगा। इसमें संबंधित अधिकारी और कर्मचारी लापरवाही करता है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। दरसअल, मंगलवार को मेयर प्रसन्नचंद मेहता ने दशहरा मेले को लेकर मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर में बैठक ली। इस बैठक में नगर निगम आयुक्त राहुल जैन समेत निगम के अधिकारी, पार्षद, जनप्रतिनिधि और विभिन्न अखाड़ों के प्रतिनिधि मौजूद थे। बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि दशहरा मेले से पहले सभी अधिकारी फील्ड विजिट करें। इसके साथ ही उन्होंने दशहरा मेले से पहले शहर में विशेष सफाई अभियान चलाने के भी निर्देश दिए। सभी विभाग के अधिकारी करेंगे रूट विजिट बैठक के दौरान मेयर प्रसन्नचंद मेहता ने कहा- दशहरे से पहले नगर निगम के अधिकारी मेला आयोजन समिति के सदस्यों के साथ रूट विजिट करेंगे। इस दौरान वे संबंधित समिति के सदस्यों के साथ चर्चा भी करेंगे। इस दौरान जो भी शिकायत मिलती है या फिर कमियां मिलती हैं, उन्हें सुधारा जाएगा। व्यायाम शालाओं को खाता खुलवाना आवश्यक होगा अगली बार चैक से भुगतान किया जाएगा। नए व्यायामशालाओं को भी निगम से जोड़ा जाए। बैठक में उपायुक्त ललित सिंह, कार्यालय अधीक्षक उत्तर सलामतुल्ला खान और कार्यालय अधीक्षक सुबोधशंकर व्यास सहित अन्य अधिकारीगण, एवं गणमान्य नागरिक मौजूद थे । राम दरबार की पूजा के बाद रवाना होगा दल नगर निगम आयुक्त राहुल जैन ने बताया कि मेहरानगढ़ फोर्ट से राम दरबार की पूजा अर्चना के बाद रथ रवाना होगा। यह रथ फतेहपोल से रवाना होते हुए नवचौकिया, आड़ा बाजार, खंडा फलसा, जालोरी गेट होता हुआ रामलीला मैदान पहुंचेगा । सभी अखाड़े फतेह पोल पहुंचेंगे और वहां से राम रथ के आगे सभी अखाड़ा दल साथ चलेंगे। मेयर ने इस दौरान सभी अखाड़ा दलों के प्रमुखों को तय समय पर पहुंचने की बात कही। जहां से गुजरेगी सवारी, उस पूरे रूट की होगी सफाई नगर निगम आयुक्त राहुल जैन ने बताया कि मेले की पूर्व संध्या पर नगर निगम की ओर से राम सवारी के पूरे रूट की सफाई कर धुलाई की जाएगी। साथ ही आकर्षक रंगोलियां से पूरे मार्ग को सजाया जाएगा। इसमें शामिल होने वाले अखाड़ों का भी सम्मान किया जाएगा। बैठक के दौरान पार्षदों ने भी सुझाव दिए। पार्षद दैया ने मेले के दौरान फतेहपोल पर अस्थाई शौचालय की व्यवस्था करने की बात कही। वहीं लता व्यास ने मंदिरों की सजावट का भी प्रस्ताव रखा। पार्षद गणपत सिंह चौहान ने व्यायाम दलों का मानदेय बढ़ाने की मांग की।