जोधपुर कमिश्नरेट की लूणी पुलिस और जिला स्पेशल टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने फींच गांव में एक मकान पर दबिश देकर अवैध डोडा पोस्त और 26 लाख रुपए से अधिक की नकदी जब्त की है। मौके से 65 साल के बुजुर्ग तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। घर में छिपा रखे थे कट्टे और नोटों की गड्डियां पुलिस कमिश्नर अंशुमन भोमिया और डीसीपी वेस्ट कमल शेखावत के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 30 सितंबर को सूचना मिली थी। इस पर लूणी थानाधिकारी हमीरसिंह भाटी और डीएसटी प्रभारी महादेव प्रसाद की टीम ने फींच गांव में भंवरलाल (65) पुत्र फुसाराम विशनोई के घर पर छापा मारा। तलाशी के दौरान घर के अंदर छिपाकर रखे दो कट्टों से 27.325 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त चूरा और 26 लाख 39 हजार रुपये नगद बरामद हुए। पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस पुलिस ने आरोपी भंवरलाल को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जब्त की गई राशि के बारे में पूछताछ की जा रही है कि यह मादक पदार्थों की बिक्री से अर्जित की गई थी या इसका इस्तेमाल नए माल की खेप खरीदने में होना था। पुलिस अब आरोपी के पूरे नेटवर्क और माल के सोर्स का पता लगाने में जुटी है। पुलिस कार्रवाई में हेड कॉन्स्टेबल राजू सिंह, गंगा सिंह, कॉन्स्टेबल मांगीलाल, नरेंद्र सिंह, पदम सिंह, मैना, रामसिंह, धीरज, दलाराम, लाडूराम, हड़मानराम और डूंगर सिंह शामिल रहे।।