जोजरी नदी में प्रदूषण के मामले को लेकर विवेक विहार थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से कपड़ा रंगाई-छपाई की सामग्री ले जा रही एक बोलेरो पिकअप को जब्त किया है। पुलिस आयुक्त अंशुमान भोमिया और डीसीपी पश्चिम कमल शेखावत के निर्देशों पर मोगड़ा पुलिया के साथ चलाए गए नाकाबंदी अभियान में यह सफलता मिली। थानाधिकारी भवानी सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संदिग्ध पिकअप को रोककर चालक सांगरिया निवासी किशनाराम से वाहन के दस्तावेज मांगे, लेकिन उसके पास कोई कागज नहीं मिले। पिकअप में 120 थान सफेद कपड़ा और केमिकल मिला पुलिस द्वारा पिकअप की गहन तलाशी लेने पर उसमें से 120 थान सफेद कपड़ा, 37 रंगाई-छपाई की प्लेटें और केमिकल बरामद हुआ। इसमें इंडो टेक्स कंपनी के पीले और काले रंग से भरे 30 व 50 किलो के ड्रम, 50 किलो केरोसिन टाइप M-T-O ज्वलनशील पदार्थ तथा 20 किलो नमक जैसा रसायन शामिल था। पूछताछ में वाहन चालक ने स्वीकार किया कि उसके पास सिर्फ कपड़े का बिल है और वह इस माल को मंडिया रोड पाली स्थित एम.आर. इंटरप्राइजेज ले जा रहा था। ई-वे बिल व अन्य वैध दस्तावेज नहीं होने और जोजरी नदी में केमिकल बहाकर प्रदूषण फैलाने की आशंका के चलते पुलिस ने धारा 106(1) बीएनएसएस के तहत सारा सामान जब्त कर लिया। इसके अलावा गाड़ी को एमवी एक्ट की धारा 207 के तहत जब्त कर लिया। इस पूरी कार्रवाई में थानाधिकारी के साथ एएसआई सुखदास, कॉन्स्टेबल जगदीश, गोपाल और ओमप्रकाश की विशेष भूमिका रही।