अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट की लूणी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने फींच गांव में कार्रवाई करते हुए बाजरे की खड़ी फसल के बीच छिपाकर रखा 42.700 किलोग्राम अवैध डोडा-पोस्त चूरा बरामद किया है। मौके से पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। नशे के खिलाफ चल रहा अभियान DCP वेस्ट कमल शेखावत के निर्देशन में नशे के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में लूणी थानाधिकारी हमीरसिंह भाटी को मुखबिर से बाजरे के खेत में डोडा पोस्त छिपाए होने की सटीक सूचना मिली थी। सूचना पर टीम ने धायलों की ढाणी बडलिया रोड, फींच में दबिश दी। 42.700 किलो डोडा-पोस्त मिला पुलिस जब आरोपी रमेश (23) पुत्र बाबूलाल विश्नोई के घर के सामने स्थित खेत में पहुंची, तो वहां बाजरे की खड़ी फसल के बीच दो काले कट्टे छिपाकर रखे हुए थे। कट्टों की तलाशी लेने पर उनमें कुल 42.700 किलो डोडा पोस्त भरा मिला। पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी रमेश को गिरफ्तार कर लिया। एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज लूणी थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी यह डोडा पोस्त कहां से लाया था और किसे सप्लाई करने जा रहा था, इसके बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज का पता लगाया जा रहा है।