जोधपुर के मंडोर थाना क्षेत्र में ब्लैकमेलिंग और लूट का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक महिला समेत चार लोगों ने प्लास्टर और मार्बल मिस्त्री को काम दिलाने के बहाने बुलाया। इसके बाद उसे नशीला पदार्थ पिलाकर उसके कपड़े उतरवाए और अश्लील वीडियो बना लिया। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आरोपियों ने पीड़ित के दोस्त से 50 हजार रुपए मंगवाए। साथ ही उसकी जेब से 10 हजार रुपए और चांदी की अंगूठी भी छीन ली। पीड़ित की रिपोर्ट पर मंडोर थाना पुलिस ने एक महिला समेत चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। काम दिलाने के बहाने मकान पर ले गई महिला माता का थान क्षेत्र के गांधी नगर निवासी गणपत प्रजापत (40) ने पुलिस को बताया कि उसकी पहचान मगजी की घाटी निवासी जेठी नाम की महिला से थी। वह पहले भी उसे छोटे-मोटे काम दिलाती थी। 20 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे जेठी ने उसे काम के सिलसिले में कृषि विश्वविद्यालय के पास बुलाया। गणपत बाइक से मंडोर पुलिया पहुंचा। यहां जेठी उसकी बाइक पर बैठी और उसे बड़ा बेरा स्थित एक मकान पर ले गई। वहां मुन्नाराम बावरी बाहर खड़ा था। आरोप है कि कमरे में पहुंचने के बाद जेठी ने गणपत को पानी में कुछ मिलाकर पिला दिया। इसके बाद उसे चक्कर आने लगे और वह बेहोशी जैसी हालत में पहुंच गया। कमरे में घुसकर कपड़े उतरवाए, बनाया वीडियो गणपत के मुताबिक, उसकी हालत बिगड़ने के बाद मुन्नाराम, हेमाराम और दिनेश कमरे में आ गए। आरोप है कि चारों ने मिलकर उसके कपड़े उतार दिए और जेठी ने उसका अश्लील वीडियो बना लिया। इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई। आरोपियों ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे रुपए की मांग की। डर के कारण गणपत ने अपने दोस्त दिनेश विश्नोई को फोन किया और 50 हजार रुपए देने के लिए कहा। दोस्त से मंगाए 50 हजार, जेब के 10 हजार भी छीने आरोपियों में से एक बाइक लेकर यश अमन अस्पताल के पास पहुंचा, जहां गणपत के दोस्त ने उसे 50 हजार रुपए दिए। इसके अलावा आरोपियों ने गणपत की जेब में रखे 10 हजार रुपए और चांदी की अंगूठी भी छीन ली। घटना के बाद आरोपी गणपत को नयापुरा इलाके में छोड़कर फरार हो गए। तबीयत में सुधार होने के बाद पीड़ित मंडोर थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना बताई। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर एक महिला समेत चार आरोपियों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।