जोधपुर वेस्ट पुलिस ने नाबालिग से रेप और पोक्सो मामले में फरार चल रहे 2 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी वारदात के बाद से ही परिवार के साथ पुलिस से बचने के लिए फरार हो गया था और पहचान छिपाकर ओसियां स्थित गत्ते की फैक्ट्री में काम कर रहा था। नाबालिग के पिता ने 6 सितंबर को वेस्ट जिले के एक थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट के अनुसार उनकी 15 साल की बेटी के पेट में अचानक दर्द हुआ तो उसे अस्पताल लेकर गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बेटी के गर्भवती होने का पता चला, जहां इलाज के दौरान उसकी डिलीवरी हुई। मां ने बेटी से प्यार से पूछने पर उसने घटना के बारे में रोते-हुए बताया कि करीब 8-9 महीने पहले वह घर पर अकेली थी, तब पड़ोस में रहने वाले आरोपी ने जबरन घर में घुसकर उसके साथ रेप किया था। इस पर पुलिस ने आरोपी पर बीएनएस (धारा 65 (1) व पोक्सो एक्ट में मामला दर्ज कर उसकी जांच शुरू की। कॉन्स्टेबल राजूराम ने बताया कि मुखबिर से खबर मिली की पोक्सो मामले का वांछित आरोपी ओसियां के डेजर्ट सफारी इलाके में घूम रहा है। सूचना पर पुलिस ने परिजनों के मोबाइल ट्रेस किए, जिससे उनकी लोकेशन पता चली। आरोपी पुलिस को देखकर बाथरूम में छिप गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी समझाइश के बाद आरोपी ने दरवाजा खोला। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।