जोधपुर मंडल से जुड़ी 15 जोड़ी ट्रेनों में रेलवे की ओर से 38 अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे। इनमें स्लीपर, थर्ड एसी, साधारण श्रेणी, फर्स्ट-कम-सेकेंड एसी और थर्ड एसी इकोनॉमी श्रेणी के कोच शामिल हैं। इनका संचालन 1 से 31 अक्टूबर की अवधि तक अस्थाई रूप से किया जाएगा। अक्टूबर में त्योहार पर ट्रेनों में बढ़ने वाले यात्री भार को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। उत्तर-पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के अनुसार- यात्री मांग को देखते हुए ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे। इससे यात्रियों को अतिरिक्त बर्थ और सीटें उपलब्ध होंगी। वहीं वेटिंग का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। इन अस्थायी डिब्बों की वृद्धि 1 से 31 अक्टूबर तक प्रभावी रहेगी। इस प्रकार अक्टूबर में जोधपुर मंडल से जुड़ी 15 जोड़ी ट्रेनों में 38 अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे। इससे विभिन्न मार्गों पर यात्रियों को अतिरिक्त आरक्षित और सामान्य श्रेणी की क्षमता उपलब्ध होगी। डेढ़ महीने के त्योहारी सीजन में जोधपुर से 7 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के होंगे 76 ट्रिप त्योहारी सीजन में बढ़ने वाले यात्रीभार के बीच रेलवे ने जोधपुर मंडल से अतिरिक्त रेल सेवाओं का इंतजाम किया है। करीब डेढ़ महीने की अवधि में 7 जोड़ी विशेष ट्रेनों के कुल 76 ट्रिप संचालित किए जाएंगे। इनमें तीन जोड़ी विशेष ट्रेनों का संचालन 1 अक्टूबर से शुरू होगा। ये ट्रेनें जोधपुर, भगत की कोठी और बाड़मेर से गोरखपुर, हरिद्वार, सूबेदारगंज, बांद्रा टर्मिनस, चेन्नई बीच, दानापुर और मऊ जैसे प्रमुख शहरों के लिए यात्रियों को अतिरिक्त रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराएंगी। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया- त्योहारी सीजन में यात्रियों की संख्या में संभावित वृद्धि को देखते हुए अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। इन ट्रेनों से यात्रियों को प्रमुख रूटों पर अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे। वहीं बढ़ते यात्री भार को व्यवस्थित करने में भी मदद मिलेगी। इन स्पेशल ट्रेनों में होगा संचालन स्पेशल ट्रेनों में सूबेदारगंज के लिए ट्रेन संख्या 04193 सूबेदारगंज-भगत की कोठी द्वि-साप्ताहिक विशेष ट्रेन 1 अक्टूबर से 30 नवंबर तक प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को कुल 9 ट्रिप संचालित होगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04194 भगत की कोठी-सूबेदारगंज 2 अक्टूबर से 28 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को 9 ट्रिप चलेगी। वहीं त्योहारी सीजन के दौरान सात जोड़ी विशेष ट्रेनों के कुल 76 ट्रिप यात्रियों के लिए उपलब्ध रहेंगे। इसी तरह ट्रेन संख्या 04829/04830 जोधपुर-गोरखपुर-जोधपुर पूजा स्पेशल जोधपुर से 1 अक्टूबर से 26 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार को आवागमन में 9 ट्रिप संचालित होगी। ट्रेन संख्या 04811/04812 बाड़मेर-हरिद्वार विशेष ट्रेन 1 अक्टूबर से 30 नवंबर तक बाड़मेर से प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को कुल 18 ट्रिप संचालित होगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04812 दो अक्टूबर से 1 दिसंबर तक हरिद्वार से प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को रवाना होगी।