राजस्थान सेंटर ऑफ एडवांस्ड टेक्नोलॉजी (आर-कैट) जोधपुर ने रेड हैट (ओईएम) के सहयोग से गुरुवार को ओमकारमल सोमानी कॉलेज, जोधपुर में उभरती प्रौद्योगिकियों पर एक विशेष कार्यशाला का सफलतापूर्वक आयोजन किया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को तकनीकी क्षेत्र में हो रहे आधुनिक बदलावों और व्यावहारिक ज्ञान से रूबरू कराना था। स्टूडेंट्स को लिनक्स की बारीकियां समझाई कार्यशाला के दौरान मुख्य तकनीकी सत्र लिनक्स ऑपरेटिंग सिस्टम पर आयोजित किया गया, जिसे रेड हैट के विशेषज्ञ प्रशिक्षक कपिल मेहरा और आर-कैट के डिवीजनल कंसलटेंट बृजेश गौर द्वारा संचालित किया गया। सत्र में विद्यार्थियों को लिनक्स की बारीकियों और इसके औद्योगिक महत्व के बारे में विस्तार से समझाया गया। यह कार्यशाला छात्रों को वर्तमान उद्योग की आवश्यकताओं और उन्नत तकनीकों में उभरते करियर के अवसरों को समझने में बेहद मददगार साबित हुई। कार्यशाला में बीसीए बैचलर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशंस के लगभग 60 छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने तकनीकी कौशल को निखारा।