जोधपुर शहर में एक सैलून में गई महिला का आपत्तिजनक वीडियो बनाने का मामला सामने आया है। महिला का आरोप है कि सैलून में काम करने वाली एक लड़की ने बॉडी मसाज, फेशियल सहित अन्य काम के लिए ऑफर की बात कही। मना करने पर भी उसने जोर दिया, इसके बाद मसाज करने के लिए कहा। इस दौरान वहां काम करने वाले एक युवक ने वीडियो बना लिया। इसका पता लगते ही पुलिस को सूचना दी। मामले में पुलिस ने वीडियो बनाने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया है। मामला चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाने का है। थाना अधिकारी गोविंद व्यास ने बताया कि मामले में देवेन्द्र उर्फ देवाराम पुत्र नखताराम सेन निवासी केतु को शांति भंग की धाराओं में गिरफ्तार किया गया है। महिला ने युवक के खिलाफ शिकायत दी है, मामले की जांच की जा रही है। सैलून में काम करने वाला युवक छिपकर बना रखा था वीडियो महिला ने पुलिस को दी शिकायत में सैलून पर कई गंभीर आरोप लगाए है। सैलून बंद करवाने की बात करते हुए कहा कि महिलाओं को लुभावने ऑफर देकर फंसाया जा रहा है। महिला ने कहा कि वे 3 साल से उस सैलून पर जा रही है। इस कारण सैलून ऑनर और स्टाफ पर विश्वास था। आज भी हेयर कलर और थ्रेडिंग के लिए सैलून गई थी। तब वहां काम करने वाली एक लड़की ने ऑफर होने की बात कही। कम पैसों में पूरा पैकेज ले लो, जिसमें बॉडी मसाज, फेशियल सहित कई सुविधाएं शामिल हैं। मना करने पर भी उसने अच्छे ऑफर की बात कहकर दबाव डालने लगी। उसकी बातों में आकर मसाज के लिए हामी भर दी। मसाज के दौरान एसी के पास एक युवक मोबाइल से वीडियो बनाते दिखा। उसे देखकर शोर मचाया और उसका फोन चेक किया तो गैलरी से फोटो-वीडियो डिलीट थे। तब माय फाइल्स में जाकर चेक किया तो मेरे और अन्य कई महिलाओं के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो मिले। इसके बाद पुलिस को कॉल किया।