जोधपुर में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत झंवर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 5.870 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया। मामले में एक महिला को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत ममाला दर्ज किया है। थाना प्रभारी देवाराम के अनुसार- एनटीएफ जयपुर के पुलिस निरीक्षक दिनेश डांगी से गुरुवार शाम को सूचना मिली कि भागीरथराम बिश्नोई निवासी आतुणी ढाणी जोलियाली के घर के पास बने लोहे की चादरों के छपरे में अवैध डोडा पोस्त रखा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान लोहे की चादरों से बने छपरे से कुल 5.870 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया। पुलिस ने मौके से इंद्रा (41) पत्नी भागीरथराम को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में पुलिस थाना प्रताप नगर के थानाधिकारी रामकृष्ण टाडा ने जांच की। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रहलाद सिंह निरीक्षक और पुलिस जाब्ता शामिल रहा।