दूधवामीठा गांव के राउमावि में आयोजित रात्रि चौपाल में शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों व शिक्षकों के साथ सीधा संवाद कर शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी जानकारी ली व चर्चा की। संयुक्त निदेशक स्कूल शिक्षा चूरू अनुसुईया ने ग्रामीणों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित अधिकारियों व संस्था प्रधानों को त्वरित समाधान के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ-साथ स्कूलों में बेहतर शैक्षणिक माहौल और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। एडीईओ जीवन सैनी ने विभागीय योजनाओं, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति और इसमें अभिभावकों की जिम्मेदारी पर विचार व्यक्त किए। सीबीईओ गिरधारी सिंह शेखावत ने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान ग्रामीणों ने पीएमश्री योजना में शामिल करने, लॉन टेनिस कोर्ट व अटल पुस्तकालय खुलवाने की मांग को लेकर ज्ञापन दिया। इस मौके पर एडीईओ शारीरिक शिक्षा कमल कुमार, पीईईओ जसरासर हनुमान सिंह राठौड़ सहित ग्रामीण उपस्थित थे। पीईईओ दूधवामीठा मो. फारूक ने आभार जताया।