करौली में रविवार को भारत विकास परिषद की प्रांतीय स्तरीय 'भारत को जानो' क्विज प्रतियोगिता हुई। शिकारगंज महल के पीछे स्थित शिव बालाजी पैलेस में हुई इसमें राजस्थान पूर्व प्रांत की करीब 25 शाखाओं की कनिष्ठ और वरिष्ठ वर्ग की टीमों ने ऑनलाइन हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में भारतीय इतिहास, संस्कृति, परंपराओं और देश की उपलब्धियों से जुड़े सवाल पूछे गए। इसका मकसद विद्यार्थियों में राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना बढ़ाना था। कार्यक्रम सुबह 9:30 बजे शुरू हुआ। मुख्य अतिथि करौली नगर परिषद के पूर्व सभापति राजाराम गुर्जर थे। पूर्व महापौर जयपुर सौम्या गुर्जर, समाजसेवी योगेश गुप्ता, पूर्व सभापति कमलेश कुमारी, राष्ट्रीय गतिविधि सहसंयोजक-संस्कार मुकेश लाठी और क्षेत्रीय संयुक्त महासचिव डॉ. शिवदयाल मंगल भी मौजूद रहे। कनिष्ठ वर्ग में बौली शाखा के सक्षम गोयल-जयान बेग (प्रथम), बाड़ी शाखा के जितेश-सौरभ (द्वितीय) और ईशांत शर्मा-सत्यम परमार (तृतीय) रहे। वरिष्ठ वर्ग में विवेकानंद हिण्डौन शाखा की नंदिनी महावर-नंदनी चौधरी (प्रथम), लोहागढ़ भरतपुर शाखा के हर्ष कुमार शर्मा-आरव शर्मा (द्वितीय) तथा भुसावर शाखा के सत्यम शर्मा-अंजू (तृतीय) स्थान पर रहे। विजेता टीमों को पुरस्कार और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रांतीय सह संगठन सचिव योगेन्द्र सिंहल ने किया।