करौली में कांग्रेस ने 'वोट बचाओ, देश बचाओ' अभियान के तहत प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कार्यालय में बैठक के बाद नेता और कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने कथित वोट चोरी के आरोपों की निष्पक्ष जांच, चुनाव व्यवस्था में पारदर्शिता और मतदाताओं के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा की मांग की। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला जलाकर विरोध जताया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष और टोडाभीम विधायक घनश्याम महर ने किया। कांग्रेस नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने की भी मांग उठाई। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में लोगों का भरोसा बनाए रखने के लिए निष्पक्ष और पारदर्शी व्यवस्था जरूरी है। कार्यक्रम में हिंडौन विधायक अनीता जाटव, पूर्व विधायक लाखन सिंह, पीसीसी सचिव भूपेंद्र भारद्वाज, कन्हैया लाल, भूपेंद्र सोलंकी, नरेश गुर्जर और रामगोपाल माली सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।