करौली जिला जेल का विजिटर्स बोर्ड ने संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान बंदियों से बातचीत कर जेल में मिल रही सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। निरीक्षण में बंदियों से जातिगत भेदभाव, अस्पृश्यता, दिव्यांगता और चिकित्सा सुविधाओं पर बात की गई। बंदियों ने किसी तरह के भेदभाव की शिकायत नहीं की। जेल की बैरकों और रसोई की साफ-सफाई संतोषजनक मिली। बंदियों को संयुक्त बैरकों में रखा गया था और जाति के आधार पर अलग रखने की कोई व्यवस्था नहीं थी। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर यह निरीक्षण जिला एवं सेशन न्यायाधीश की अध्यक्षता में हुआ। इसमें जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव, अतिरिक्त जिला कलेक्टर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, करौली वृत्ताधिकारी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।