करौली के झाडिसा गांव में 21 सितंबर को खेत में काम करते समय 33 केवी बिजली लाइन का तार गिरने से किसान ब्रह्म सिंह की मौत हो गई थी। इस मामले में ग्रामीण एक बार फिर कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने कलेक्टर और एसपी को ज्ञापन सौंपकर बिजली विभाग की लापरवाही की जांच और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की। ग्रामीणों के मुताबिक, 44 साल के ब्रह्म सिंह अपने खेत में काम कर रहे थे, तभी बिजली का तार टूटकर उन पर गिर गया। करंट लगने से उनकी जान चली गई। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। तार खराब होने की 2 महीने पहले दे दी थी जानकारी ग्रामीणों का कहना है कि बिजली का तार काफी समय से खराब था और इसकी जानकारी विभाग को 2 महीने पहले दी गई थी, लेकिन मरम्मत नहीं हुई। कलेक्टर ने परिवार के एक सदस्य को संविदा पर नौकरी, बिजली विभाग की रिपोर्ट में सुधार और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का भरोसा दिया है।