करौली के गढमोरा गांव में 16 बीघा जमीन को लेकर छोटे ने बड़े भाई की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी। वहीं बहू का पैर तोड़ दिया। मामला बुधवार का है। पुलिस ने गुरुवार को 3-4 लोगों को डिटेन किया है। टोडाभीम डीएसपी भंवरलाल बुनकर ने बताया- गढ़मोरा निवासी शिवराम ने बड़े भाई मनोहरलाल मीना (75) की हत्या की है। मनोहरलाल की बहू ने चाचा ससुर शिवराम, चाची सास धनवाई, चाचा ससुर के बेटे देवेन्द्र और बेटी संतोष कुमारी पर मामला दर्ज कराया। पुलिस ने बताया- मनोहरलाल मीना समेत 3 भाई थे। मनोहरलाल के दूसरे नंबर के भाई की शादी नहीं हुई थी। उनकी मौत पहले ही हो चुकी थी। उसके हिस्से की 16 बीघा जमीन काफी दिनों से खाली पड़ी थी। उसी जमीन को जोतने के लिए शिवराम खेत पर गया था। मनोहरलाल के बेटे नमोनारायण मीना ने बताया-चाचा शिवराम लंबे समय से हमारी जमीन पर कब्जे की नीयत से विवाद कर रहे थे। इसकी शिकायत कई बार पुलिस को दी। आरोपी लगातार जान से मारने की धमकी देता था। पुलिस की अनदेखी के कारण यह घटना हुई है। खेत जोतने का विरोध किया था नमोनारायण ने बताया- बुधवार को चाचा शिवराम परिवार के साथ ट्रैक्टर लेकर आए और खेत जोतने लगे। पिता मनोहरलाल ने खेत जोतने का विरोध किया तो चाचा और उसके परिवार वालों ने गाली-गलौज करना शुरू कर दी। चाचा शिवराम ने ट्रैक्टर से पहले पिता मनोहरलाल मीना को टक्कर मार दी, जैसे ही पिता जमीन पर गिरे तो उन को ट्रैक्टर से कुचल दिया। ससुर को बचाने के लिए बहू रेशमा आई तो उसको भी ट्रैक्टर से टक्कर मार दी। रेशमा के पैर में फ्रैक्चर हुआ है। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद चाचा शिवराम ट्रैक्टर लेकर फरार हो गए। थानाधिकारी और पुलिसकर्मियों को सस्पेंड करने की मांग की लोगों ने गढ़मोरा थाना प्रभारी हरेंद्र और संबंधित पुलिसकर्मियों को सस्पेंड करने की मांग की। टोडाभीम डीएसपी भंवरलाल बुनकर, नादौती थाना प्रभारी ओमेन्द्र सिंह और बालघाट थाना प्रभारी मंजू फौजदार ने परिजनों से समझाइश की। शाम करीब 5.30 बजे एएसपी कमल जांगिड़ भी अस्पताल पहुंचे। एएसपी ने बताया- प्रथम दृष्टया मामला जमीन विवाद से जुड़ा लग रहा है। मामला दर्ज कर लिया गया है।