करौली-हिंडौन मार्ग पर एनएच-23 स्थित भीमनगर क्षेत्र में बाइक की टक्कर से पैदल जा रहे संतराम धोबी (39) की मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार अनिल भी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने संतराम का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं, घायल बाइक सवार अनिल को उपचार के बाद हिरासत में ले लिया गया है और बाइक जब्त कर ली गई है। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया। उन्होंने 50 लाख रुपए की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। इसके बाद उन्होंने अस्पताल के बाहर जाम लगाकर प्रदर्शन भी किया। पुलिस की समझाइश के बाद जाम खुलवाया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। अस्पताल में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। करौली थाना अधिकारी विनोद सांवरिया ने बताया कि वजीरपुर दरवाजे के बाहर निवासी संतराम धोबी पुत्र लालचंद मासलपुर चुंगी की ओर पैदल जा रहा था। इसी दौरान मासलपुर चुंगी की ओर जा रही मोटरसाइकिल ने उसे टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद दोनों घायलों को करौली अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद संतराम को मृत घोषित कर दिया। अनिल को इलाज के लिए भर्ती किया गया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।