करौली की कबड्डी टीमों ने उदयपुर के कानोड़ में हुई 70वीं राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो पदक अपने नाम किए। 1 से 7 अक्टूबर तक तुलसी अमृत उच्च माध्यमिक स्कूल में आयोजित प्रतियोगिता में अंडर-19 टीम ने गोल्ड मेडल और अंडर-17 टीम ने सिल्वर मेडल जीता। छह खिलाड़ियों के राष्ट्रीय स्तर पर चयन की उम्मीद राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदर्शन के आधार पर अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग से कुल छह खिलाड़ियों के राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चुने जाने की संभावना है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से करौली कबड्डी अकादमी में उत्साह का माहौल है। पवन बेस्ट ऑलराउंडर, रविंद्र बने बेस्ट रेडर अंडर-19 वर्ग में करौली के पवन कुमार को बेस्ट ऑलराउंडर चुना गया। वहीं, अंडर-17 वर्ग में रविंद्र गुर्जर को बेस्ट रेडर का पुरस्कार मिला। दोनों खिलाड़ियों के व्यक्तिगत प्रदर्शन ने टीम की सफलता में अहम भूमिका निभाई। कोचों की तैयारी ने दिलाई सफलता अंडर-17 टीम को कोच अब्दुल जब्बार और अंडर-19 टीम को कोच राकेश कुमार ने तैयार किया था। दोनों टीमों ने दल प्रभारी जुगल किशोर शर्मा के नेतृत्व में प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। अकादमी की उपलब्धि पर बधाई, सम्मान समारोह का ऐलान करौली कबड्डी अकादमी की इस उपलब्धि पर क्रीड़ा परिषद के अकादमी प्रभारी रणविजय सिंह चंपावत ने खिलाड़ियों और कोचों को बधाई दी। वहीं कार्यवाहक जिला खेल अधिकारी रमेश चंद्र गुप्ता ने भी टीम के प्रदर्शन की सराहना करते हुए खिलाड़ियों के लिए सम्मान समारोह आयोजित करने का ऐलान किया।