करौली जिले के मंडरायल थाना क्षेत्र के धौसपुर गांव से चोरी हुई 10 भैंसों को सदर पुलिस ने बरामद किया है। इन भैंसों को डांग क्षेत्र में ले जाया जा रहा था। इनकी कीमत करीब 9 लाख रुपए बताई गई है। ये भैंसें 5 दिन पहले चोरी हुई थीं। पुलिस को देखते ही चोर रात के अंधेरे में भाग गए। सदर पुलिस इन भैंसों को करीब 10 किलोमीटर तक पैदल चलकर थाने लाई। इसके बाद उनके वीडियो और फोटो गुर्जर समाज, मीणा समाज, पुलिस कंट्रोल रूम और अलग-अलग थानों में वायरल किए गए। वायरल वीडियो और फोटो के आधार पर पीड़ित पशुपालक आज दिन में सदर थाने पहुंचा। पहचान होने के बाद भैंसें उसे सौंप दी गईं। सदर थाना अधिकारी मोहर सिंह ने बताया- सदर पुलिस की एक टीम गुरुवार रात 112 गाड़ी से डांग क्षेत्र में गश्त कर रही थी। गजपुरा चौराहे से थोड़ा आगे दो लोग 10 भैंसों को तेजी से हांकते हुए ले जा रहे थे। जब पुलिस की गाड़ी उनकी तरफ मुड़ी, तो दोनों पुलिस को देखते ही जंगल में भाग गए। पुलिस को शक हुआ और उन्होंने आवाज लगाकर रोकने की कोशिश भी की, लेकिन वे तुरंत गायब हो गए। भैंस चोरी होने की आशंका पर उन्हें सदर थाने लाया गया। थाने से उनके वीडियो और फोटो वायरल किए गए। चोरी हुई भैंसें करौली जिले के मंडरायल थाना क्षेत्र के धौसपुर गांव के पशुपालक श्रीनिवास पुत्र भरत लाल मीणा की हैं। ये भैंसें 14 सितंबर की रात को उनके पशुबाड़े से चोरी हुई थीं। पीड़ित ने इस घटना को लेकर थाने में रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। थाने आने पर पीड़ित पशुपालक से भैंसों की पहचान कराई गई और फिर उन्हें सौंप दिया गया। इस कार्रवाई में सदर थाने की पूरी पुलिस टीम ने सहयोग किया। सदर एसएचओ मोहर सिंह ने बताया कि वे पिछले 3 महीने में चोरी की 29 भैंसें बरामद कर चुके हैं। इस दौरान दो चोरों को भी गिरफ्तार किया गया है।