करौली के मासलपुर में एक व्यक्ति ने चुनाव न लड़ने के लिए धमकाने का आरोप लगाया है। सामान्य सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे पीड़ित ने कलेक्टर और एसपी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। पीड़ित के अनुसार, 25-26 सितंबर की आधी रात कुछ लोग उसके घर पहुंचे और फोन पर धमकियां दीं। उसे और परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी मिली। पीड़ित के पास धमकी की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी है। पीड़ित खटीक समुदाय से है। उसने आरोप लगाया कि उसे जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया गया और सोशल मीडिया पर भी धमकियां मिलीं। आरोपियों के आपराधिक प्रवृत्ति के होने की आशंका जताई है। ज्ञापन में आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई, चुनाव में बाधा न डालने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई। अजय, संजय, प्रमोद, राजू, ओम प्रकाश, भगवत, रवि कुमार समेत कई लोग ज्ञापन सौंपते समय मौजूद थे।