करौली नगर निकाय चुनाव के तहत सभापति पद के लिए बुधवार को भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल कर चुनावी मुकाबले की तस्वीर साफ कर दी। भाजपा की ओर से वार्ड 50 से पार्षद वीरेंद्र कुमार शर्मा और कांग्रेस की ओर से वार्ड 3 से पार्षद सुनील सैनी ने रिटर्निंग अधिकारी राकेश कुमार रावत के सामने नामांकन पत्र जमा किया। सभापति पद के लिए चुनाव 21 सितंबर को होगा। निर्दलीय के तौर पर भी नामांकन रिटर्निंग अधिकारी राकेश कुमार रावत ने बताया कि भाजपा प्रत्याशी वीरेंद्र शर्मा ने एक नामांकन दाखिल किया है। कांग्रेस प्रत्याशी सुनील सैनी ने कांग्रेस की ओर से एक और निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर भी एक नामांकन दाखिल किया। वीरेंद्र शर्मा वार्ड 50 से पार्षद चुने गए हैं, जबकि वार्ड 32 से भाजपा पार्षद सुशील शर्मा उनके प्रस्तावक बने हैं। वीरेंद्र शर्मा: सफाई से पार्किंग तक सुधार का दावा भाजपा प्रत्याशी वीरेंद्र शर्मा की उम्र 51 वर्ष है और उन्होंने एमए तक शिक्षा प्राप्त की है। उनका व्यवसाय होटल है। उन्होंने पहली बार राजनीति में कदम रखा है और पार्टी में कार्यकर्ता के तौर पर काम करते हैं। इससे पहले वे सरपंच का चुनाव भी लड़ चुके हैं। सभापति बनने पर उनकी प्राथमिकताओं में सफाई व्यवस्था, पेयजल, सड़क-नाली, स्ट्रीट लाइट, यातायात एवं पार्किंग और कचरा प्रबंधन में सुधार शामिल है। उनका कहना है कि सभी वार्डों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान कराया जाएगा और विकास कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी। सुनील सैनी: पिछले कार्यकाल की कमियों को दूर करने पर जोर कांग्रेस प्रत्याशी सुनील सैनी वार्ड 3 से पार्षद निर्वाचित हुए हैं। 30 वर्षीय सुनील सैनी ने बीकॉम तक पढ़ाई की है और उनका व्यवसाय दुकानदारी है। उन्होंने वर्ष 2020 में राजनीति की शुरुआत की थी। वर्तमान में वे कांग्रेस ओबीसी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष हैं। वे पूर्व में उपसभापति की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। सुनील सैनी ने सभापति बनने पर पिछले कार्यकाल की कमियों को दूर करने और शहर की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता बताया है। उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में सफाई, रोड लाइट, सड़कों की मरम्मत और आवारा पशुओं की समस्या से निजात दिलाना शामिल है। 21 सितंबर को होगा फैसला भाजपा और कांग्रेस दोनों के प्रत्याशियों ने अपनी-अपनी प्राथमिकताएं सामने रख दी हैं। अब 21 सितंबर को होने वाले सभापति चुनाव में नगर निकाय की कमान किसके हाथ आती है, इस पर सबकी नजर रहेगी।