करौली नगर परिषद के 55 वार्डों के चुनाव नतीजों के बाद नए पार्षदों की शिक्षा और उम्र की तस्वीर सामने आई है। परिषद में 19 पार्षद ग्रेजुएट या उससे ज्यादा पढ़े-लिखे हैं, जबकि 18 पार्षद सिर्फ साक्षर हैं। उम्र के लिहाज से परिषद में 21 साल के युवा पार्षद से लेकर 74 साल के वरिष्ठ पार्षद तक शामिल हैं। यानी नई परिषद में युवा जोश और अनुभव, दोनों का मेल देखने को मिलेगा। पार्टीवार ऐसा रहा समीकरण नई परिषद में कांग्रेस के 28, भाजपा के 11, निर्दलीय 15 और बसपा का एक पार्षद चुना गया है। कांग्रेस के 28 पार्षदों में 16 पुरुष और 12 महिलाएं हैं। भाजपा के 11 पार्षदों में आठ पुरुष और तीन महिलाएं हैं। निर्दलीय पार्षदों में सात पुरुष और आठ महिलाएं हैं, जबकि बसपा से एक महिला पार्षद चुनी गई है। पुरुष पार्षदों में 17 ग्रेजुएट या उससे अधिक 31 पुरुष पार्षदों में से 17 ग्रेजुएट या उससे ज्यादा पढ़े-लिखे हैं। इनमें पांच एमए, पांच बीए, तीन ग्रेजुएट, दो बीएससी, एक बीकॉम और एक बीएससी-बीएड डिग्रीधारी हैं। वहीं 14 पुरुष पार्षद ग्रेजुएट से कम पढ़े हैं। इनमें पांच 12वीं, एक 11वीं, एक 10वीं, एक आठवीं और छह सिर्फ साक्षर हैं। महिला पार्षदों में 12 सिर्फ साक्षर 24 महिला पार्षदों में से 12 सिर्फ साक्षर हैं। दो महिलाओं ने ग्रेजुएशन किया है। वार्ड 4 की मिथलेश सैनी बीए और वार्ड 38 की इफा खानम बीसीए हैं। इसके अलावा तीन महिलाएं 12वीं, तीन 10वीं, तीन आठवीं और एक पांचवीं तक पढ़ी हैं। कुल 19 पार्षद ग्रेजुएट या उससे ज्यादा पूरी परिषद में 19 पार्षद ग्रेजुएट या उससे ज्यादा पढ़े-लिखे हैं। इनमें पांच एमए, छह बीए, तीन ग्रेजुएट, दो बीएससी, एक बीकॉम, एक बीएससी-बीएड और एक बीसीए डिग्रीधारी हैं। इसके अलावा आठ पार्षद 12वीं, एक 11वीं, चार 10वीं, चार आठवीं और एक पांचवीं तक पढ़े हैं। 18 पार्षद सिर्फ साक्षर हैं। छह पार्षद 60 साल से ज्यादा उम्र के परिषद में छह पार्षद ऐसे हैं, जिनकी उम्र 60 साल से अधिक है। इनमें हेमलता सोनी 67, निरौतीलाल जाटव 65, विजय 63, विमला 62, सुआबाई 64 और गंगाराम माली 74 साल के हैं। 74 वर्षीय गंगाराम माली परिषद के सबसे उम्रदराज पार्षद हैं। 21 साल का अरमान सबसे युवा चेहरों में दूसरी ओर परिषद में युवा चेहरों की भी अच्छी मौजूदगी है। 30 साल या उससे कम उम्र के पार्षदों में अरमान 21, इफा खानम 25, मदनमोहन शर्मा 27, मुकेश और वैशाली 28 साल के हैं। सरोज सैनी, कल्पना सैनी और गौरव की उम्र 29 साल है। इस तरह परिषद में कम उम्र के पार्षदों के साथ वरिष्ठ अनुभव वाले चेहरे भी साथ नजर आएंगे।