करौली शहर में शहरी सेवा शिविर में अव्यवस्थाओं के आरोप लगे हैं। शिविर में अधिकारी और कर्मचारी नदारद मिले, जिससे आम लोगों को परेशानी हुई। फरियादी अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भटकते रहे। शुक्रवार को नगर परिषद के नेता प्रतिपक्ष वीरेंद्र शर्मा पार्षदों के साथ शिविर पहुंचे। उन्होंने कई कुर्सियां खाली देखीं और फरियादियों को परेशान होते पाया। शर्मा ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और पेंडिंग मामलों के जल्द निस्तारण की मांग की। कार्यप्रणाली पर उठे सवाल एक मामला शीला देवी की 2024 से पेंडिंग पट्टा फाइल का भी सामने आया। शिकायतकर्ता के मुताबिक, फाइल पहले ही ऑनलाइन जमा हो चुकी है, लेकिन उन्हें दोबारा फाइल बनवाने को कहा जा रहा है। इससे उन्हें काफी दिक्कत हो रही है। शिविर में पट्टा, सफाई, सीवर लाइन, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र समेत कई समस्याओं का समाधान होना था। अधिकारियों ने भविष्य में कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने और पेंडिंग मामलों को जल्द निपटाने का भरोसा दिया है।